सपा में चले टिकट के बदले नोट: बरेली में पार्टी नेताओं का विवाद पहुंचा लखनऊ, नपेंगे दागदार नेता

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
बरेली में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं में दो दिनों से चल रहा घमासान अब बड़ा रूप ले चुका है। निकाय चुनाव में पैसे लेकर टिकट लेने के विवाद को लखनऊ कार्यालय ने संज्ञान में लिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कार्यालय से कुछ बड़े नेताओं को फोन करके पूरा मामला पूछा गया है। इस पूरे विवाद पर पार्टी सख्त है। कुछ नेताओं पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।
सोमवार की सुबह से जिले के चार-पांच बड़े नेताओं के पास सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यालय से फोन आए। उनसे पूरा घटनाक्रम पूछा गया। मामले की तह तक जाने की कोशिश की गई। हालांकि, इससे पहले ही कई नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को समाचार पत्रों की कटिंग और वायरल वीडियो भेज दिए। दो नेता तो सीधे लखनऊ ही पहुंच गए और कार्यालय में पूरे मामले की जानकारी दी।
अखिलेश यादव ने जताई नाराजगी
सूत्रों के मुताबिक, इस आरोप-प्रत्यारोप प्रकरण पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खासी नाराजगी दिखाई है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही संवाद कर गुटबाजी को किनारे कर एक साथ काम करने का संदेश दिया था। अब इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। ये बातें खबरें भी बन रही हैं। बताया कि जा रहा है कि जल्द ही कुछ नेताओं को लखनऊ तलब किया जाएगा। इसके बाद कुछ पर कार्रवाई भी हो सकती है।



