अमरिया प्रकरण : लापरवाही पर इंस्पेक्टर निलंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पुत्री भगाने और दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज न होने पर पिता के आत्महत्या कर लेने के मामले में एसपी ने आज इंस्पेक्टर अमरिया मुकेश कुमार शुक्ला को लापरवाही पर निलंबित कर दिया।
अमरिया क्षेत्र के ग्रामीण ने नौ मई को थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि उसकी नाबालिग बेटी खेत पर पानी देने आ रही थी। रास्ते में नहर की पुलिया पर बैठे राहुल, शेखर और रोहित उसे जबरन उठा ले गए थे। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। 10 मई की शाम आरोपियों के फूफा लड़की को थाने लेकर पहुंचे थे। बाद में किशोरी को परिजनों को सौंप दिया गया था।
आरोपी पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर दी थी, जिसमें बताया गया था कि लड़के ने जहर खा लिया है मगर सारी कहानी मनगढंत बताई जा रही है। तहरीर में साफ जिक्र है तीनों युवक किशोरी को अपने रिश्तेदार के यहां ले गए। रात भर किशोरी से दुष्कर्म किया। पूरे गांव को यह बात पता थी बावजूद इसके अमरिया पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
इससे आहत होकर किशोरी के पिता ने आत्महत्या कर ली। बाद में पुलिस ने अपनी फजीहत होते देख चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। तीन आरोपियों को तो पुलिस ने हिरासत में ले लिया लेकिन आरोपी फूफा मनोज गंगवार अभी भी फरार है। थाना प्रभारी मुकेश कुमार शुक्ला ने बताया कि फरार आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।



