Shahjahanpur News: 12 में दस सीटों पर किया कर्मचारी मोर्चा ने कब्जा

ओसीएफ में कार्यसमिति व कैंटीन प्रबंध कमेटी के चुनाव में जीत के बाद प्रत्याशियों का फूलमाला पह
– ऑर्डनेंस क्लोदिंग फैक्टरी में कार्यसमिति एवं कैंटीन प्रबंध कमेटी के चुनाव सम्पन्न
– फैक्टरी मजदूर संघ के सिर्फ दो प्रत्याशी ही कार्यसमिति के लिए जीत हासिल कर सके
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। ऑर्डनेंस क्लोदिंग फैक्टरी में कार्यसमिति एवं कैंटीन प्रबंध कमेटी के चुनाव में कर्मचारी मोर्चा के 12 में से 10 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। फैक्टरी मजदूर संघ के प्रत्याशी दो सीटों पर ही जीत दर्ज कर सके।
औद्योगिक इकाई ऑर्डनेंस क्लोदिंग फैक्टरी में प्रत्येक दो वर्ष में कार्यसमिति एवं कैंटीन प्रबंध कमेटी के चुनाव होते हैं। जिसमें तमाम कर्मचारी संगठन अपने 10–10 प्रत्याशी कार्यसमिति के लिए चुनाव मैदान में उतारते हैं। कार्यसमिति बनाने के लिए एक संगठन के छह प्रत्याशियों का जीतना जरूरी है। जिसके ज्यादा प्रत्याशी जीतते हैं, उसी की कार्यसमिति बनती है। जोकि निर्माणी प्रशासन के साथ मिलकर निर्माणी और कर्मचारी हित में कार्य करती है।
वर्ष 2023–25 के लिए बनने वाली कार्यसमिति के लिए हुए चुनाव में प्रतिरक्षा कर्मचारी यूनियन तथा आर्डिनेंस आर्मी क्लोथिंग फैक्टरी वर्कर्स यूनियन ने संयुक्त रूप से कर्मचारी मोर्चा बनाकर चुनाव लड़ा और भारी जीत दर्ज की। देर शाम तक चली मतगणना के अनुसार कर्मचारी मोर्चा के 10 में से 8 कार्यसमिति प्रत्याशियों तथा कैंटीन कमेटी के लिए दोनों प्रत्याशियों ने विजय प्राप्त की, जबकि प्रतिद्वंद्वी संगठन मजदूर संघ के केवल दो प्रत्याशियों की जीत से ही संतोष करना पड़ा।
प्रेस मीडिया प्रभारी शारिक सैय्यद ने बताया कि कर्मचारी मोर्चा के कार्यसमिति के लिए जीतने वाले प्रत्याशियों में अमन कुमार सक्सेना को 892 मत, मुकेश कुमार को 820 मत, अनुज कुमार सक्सेना को 739 मत, राममोहन अग्निहोत्री को 687 मत, मुकेश कुमार भारती को 662 मत, विमल कुमार को 654 मत, सतेंद्र कुमार गौतम 617 मत तथा रफीक अहमद को 576 मत हासिल हुए हैं, जबकि कैंटीन प्रबंध कमेटी के लिए आबिद हुसैन को 831 मत और राजकुमार मौर्य को 760 मत प्राप्त हुए, इन सभी ने जीत दर्ज की। वहीं, भारतीय मजदूर संघ से दिनेश कुमार सक्सेना तथा बलवीर सिंह ने कार्यसमिति के लिए चुनाव जीता।
कर्मचारियों ने मनाया जश्न
जीत की आधिकारिक घोषणा होने के बाद बारिश के बावजूद कर्मचारियों ने निर्माणी स्टेट में जीत का जश्न मनाया और मिठाइयां बांटीं। कर्मचारी मोर्चा के माजिद रफीक, नीरज दीक्षित, मुकेश कुमार, वसीम अहमद आदि वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि जिस प्रकार कर्मचारी मोर्चा को कर्मचारियों का प्रेम व सहयोग मिल रहा था और उनमें जितना उत्साह था, उससे साफ लग रहा था कि कर्मचारी मोर्चा ही विजयी होगा। उन्होंने इस जीत को मजदूर–कर्मचारियों की जीत बताया। वोट व सहयोग के लिए सभी को धन्यवाद दिया और पूरी तन्मयता से कर्मचारी हित में काम करने का भरोसा दिलाया।