Shahjahanpur News: धूमधाम से निकली दधिकांदो शोभायात्रा

शाहजहांपुर के लोहारों का चौराहा स्थित मंदिर से निकली शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु। संवाद
कई जगह पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, प्रसाद बांटा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के तीसरे दिन शनिवार को लोहारों का चौराहा स्थित श्री मनोकामनेश्वर मंदिर से दधिकांदो शोभायात्रा बैंड-बाजे और देवस्वरूपों की झांकियों के साथ निकाली गई। नगर में भ्रमण के दौरान कई जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत हुआ। श्रद्धालुओं को जलपान कराकर प्रसाद वितरित किया गया।
शनिवार शाम को बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच मंदिर से शोभायात्रा निकली। जिसमें सबसे आगे फूलों से सजे वाहन पर एक सिंहासन रखकर उसपर भगवान लड्डू गोपाल के विग्रह प्रतिष्ठित किए गए, उनके पीछे विभिन्न रथों पर सवार श्री राधा-कृष्ण, श्री शंकर -पार्वती, भगवान नृसिंह -हिरण्यकश्यप, माता-पिता को तीर्थ यात्रा कराने निकले श्रवण कुमार आदि की झांकियां रहीं।
उनके पीछे डीजे पर भजनों की धुन पर थिरकते वृंदावन के कलाकारों की टोली ने बृज के माहौल को जीवंत कर दिया। शोभायात्रा ककरा मार्ग, मक्कू बजरिया, तिलहर जई, आनंदपुरम, कन्नौजिया तिराहा, कच्चा कटरा, अंबा सिनेमा आदि मार्गों से होकर निकली। सुरक्षा के मद्देनजर सदर और कोतवाली पुलिस के जवान मुस्तैद रहे।
भ्रमण के बाद शोभायात्रा मंदिर परिसर पहुंची, जहां पुजारी अशोक शर्मा ने भगवान लड्डू गोपाल की आरती उतारकर प्रसाद वितरण किया। इस मौके पर भगवान शरण सांख्यधर, सर्वेश्वर दयाल तिवारी, सुभाष मिश्रा, ओमप्रकाश सिंह, सुमित शर्मा, अनमोल शुक्ला, सिद्धार्थ वाजपेयी, शिवम शर्मा आदि मौजूद रहे।

