Lakhimpur Kheri News: प्रेमी संग बहन को पकड़कर पुलिस को सौंपा, पांच दिन से थी लापता
उझानी (बदायूं)। कछला गंगाघाट से पांच दिन पहले प्रेमी के साथ लापता नाबालिग बहन को शनिवार दोपहर उसके भाई ने पकड़ लिया। उसके साथ एक और युवक भी हत्थे चढ़ा। भाई ने उन्हें पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया है।
कछला चौराहे पर दो युवकों के साथ भाई को मिली किशोरी ने खिसकने की कोशिश भी की। चौराहे पर मौजूद कुछ लोगों ने भी किशोरी के भाई की मदद की। उसने फोन करके पुलिस को बुला लिया। किशोरी के भाई ने पुलिस को बताया कि वह 27 अगस्त की शाम गंगाघाट पर बहन के साथ आया था, तभी वह गुम हो गई थी। उसे आसपास इलाके में खोजा, लेकिन चार दिन तक पता नहीं लगा।
पुलिस ने किशोरी और कासगंज जिले के पंकज व सुमित से पूछताछ की। किशोरी ने इनमें एक को अपना प्रेमी बताया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पंकज और सुमित उसे बहला फुसलाकर अगवा कर ले गए थे। किशोरी के भाई की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही किशोरी को बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।