Moradabad News: ससुराल आया बिलारी का युवक रामगंगा में बहा
रामपुर। बिलारी से ससुराल आया बॉबी (28) नदी में डूब गया। मौके पर पहुंचकर गाेताखोरों व एनडीआरफ की टीम ने तलाश की लेकिन, देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लगाया। वहीं युवक के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
दो दिन पूर्व बिलारी थाना क्षेत्र के मनकुला गांव निवासी बॉबी अपनी ससुराल थाना क्षेत्र के दिव्यानगला गांव में आया था। बृहस्पतिवार दोपहर को अपने साले अजब के साथ बैलगाड़ी लेकर रामगंगा नदी से बालू निकालने चमरौल घाट गया था। बालू निकालने दौरान युवक नदी में गहरे पानी में चला गया और बह गया। शोर मचाने पर जब तक साला अपने जीजा तक पहुंचा तक वह डूब गया।
अजब ने गांव पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। घटना की सूचना के बाद गांव के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। युवक को स्थानीय गोताखोरों ने तलाश की। सूचना मिलने पर एसडीएम सुनील कुमार भी मौके पर पहुंच गए। युवक के न मिलने पर एसडीएम ने मुरादाबाद से एनडीआरएफ की टीम को बुला लिया। देर शाम तक एसडीएम सुनील कुमार के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम नदी में तलाशती रही, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लगा। वहीं बिलारी से मौके पर पहुंचे युवक के परिजन ससुराल वालों पर बेटे की हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
बॉबी बेटी का जन्मदिन मनाने हफ्ते भर पूर्व 28 जुलाई को चंडीगढ़ से अपने घर बिलारी के गांव मनकुला आया हुआ था। बॉबी वहां कारपेंटर का काम करता है। बृहस्पतिवार को उसे वापस चंडीगढ़ जाना था, लेकिन उससे पहले ही हादसा हो गया। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी अमरपाल सिंह ने बताया कि अभी युवक की तलाश की जा रही है। कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

