निकाय चुनाव: थम गया चुनाव प्रचार, कल होगा मतदान
रामपुर। निकाय चुनाव के पहले चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार की शाम थम गया। मंगलवार को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने रोड शो और जनसभा के माध्यम से चुनाव को अपने पक्ष में करने की कोशिश की। इस दौरान राजनीतिक दलों के नेताओं पर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले इस माह दो चरणों में होने वाले नगर निकाय चुनावों को शहरी मतदाताओं के बीच राजनीतिक दलों के असर के आकलन की कसौटी माना जा रहा है.
निर्वाचन आयोग के मुताबिक यूपी में दो चरणों में चार मई और 11 मई को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा और 13 मई को मतगणना होगी। जिले की 11 निकायों के लिए चुनाव होना है। जिसमें 11 निकायों में अध्यक्ष और 231 सभासद का चुनाव किया जाना है। सभी निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 181 तो सभासद के पद के लिए 1452 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान बैलेट पेपर से होगा। जिले में 5.22 लाख मतदाता वोट डालेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि मतदान की तैयारी पूरी कर ली गई है। बुधवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। बृहस्पतिवार को वोट डाले जाएंगे। उन्होंने अपील की है कि सभी मतदाता अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।


