Nath Corridor: 232 करोड़ रुपये से शिवमय होगी नाथ नगरी, मंदिरों में 250 लोग एक साथ कर सकेंगे रुद्राभिषेक

नाथ कॉरिडोर का मॉडल
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के नाथ कॉरिडोर की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार हो गई है। 232.21 करोड़ रुपये से नाथ मंदिरों का सुंदरीकरण कर भव्य कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल व बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने मंजूरी के लिए शनिवार को यह प्रस्ताव पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम को भेज दिया है।
बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के दिए सुझाव को शामिल करते हुए डीपीआर में जरूरी बदलाव कर मंजूरी के लिए भेजा गया है। सातों नाथ मंदिरों के सुंदरीकरण पर 66.6 करोड़ और मार्गों के चौड़ीकरण पर 75.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी प्रारंभिक योजना भी शासन को भेजी जा चुकी है। तपेश्वरनाथ मंदिर मार्ग पर अंडरपास भी प्रस्तावित है। इसकी कार्ययोजना भी भेज दी गई है।
बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि 32.5 किमी की परिधि में बनने वाले कॉरिडोर में 12 सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसमें केदारनाथ, काशी विश्वनाथ समेत सभी 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे। मंदिरों में पार्वती और गौरी के नाम पर वाटिकाएं स्थापित की जाएंगी। इसमें सजावटी और सुगंधित फूलों वाले पेड़ लगेंगे।



