Budaun News: बाइपास से लालपुल और उझानी तक मिले नौ ब्लैक स्पॉट

टीम के साथ दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों का सर्वेक्षण करते एआरटीओ अंबरीश कुमार।स्रोत-एआरटीओ
बदायूं। सड़क सुरक्षा समिति ने जिले में दुर्घटना बहुल स्थानों का सर्वे शुरू कर दिया है। पहले दिन परिवहन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने लालपुल और बाइपास के सरदार पटेल चौराहे से उझानी तक सर्वे किया। इस दौरान नौ ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए। अभी अन्य इलाकों में भी सर्वे किया जाएगा। इसके बाद समिति की ओर से अध्यक्ष डीएम को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
सोमवार को एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीष कुमार, यात्री कर अधिकारी रमेश चंद्र प्रजापति, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार और अवर अभियंता सोनू कुमार ने शहर के बाइपास पर सरदार पटेल चौराहे से दुर्घटना बहुल स्थानों का सर्वे शुरू किया। सबसे पहले उन्होंने सरदार पटेल चौराहे का सर्वे किया।
यहां चौराहे किस वजह से ज्यादा हादसे होते हैं, यहां सुधार की क्या आवश्यकता है, आदि बिंदुओं पर निरीक्षण किया। उन्होंने पटेल चौराहे से लेकर उझानी कल्याण सिंह तिराहे तक सर्वे किया। फिर उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज व नौशेरा से लेकर लालपुल तक दुर्घटना बहुल स्थानों को देखा। इस दौरान उन्होंने सड़क सुरक्षा की दृष्टि से कमियों को चिह्नांकन किया।
साथ ही बहेड़ी मोड़ तिराहा, बालाजी मंदिर के नजदीक नया पुल, नौशेरा में मौर्या धर्म कांटा के पास सड़क का बिना डिवाइडर वाला भाग, नौशेरा में शेखूपुर तिराहा, मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बाइपास तिराहा, एआरटीओ कार्यालय चौराहा, सोत नदी पुल व सड़क का जोड़, सरदार पटेल चौराहा आदि को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया। एआरटीओ ने बताया कि अभी सर्वे शुरू हुआ है। पूरे जिले में सर्वे किया जाएगा। इसके बाद पूरी रिपोर्ट सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम के सामने पेश की जाएगी।