नए साल पर चूका बीच फुल: जंगल सफारी में दिखेंगे रोमांचकारी नजारे, यहां की सुंदरता ऐसी कि निहारते रह जाएंगे

चूका बीच पर बनी थारू हट
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नए साल से पहले पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की खूबसूरती के कायल सैलानियों से चूका बीच की हटें जनवरी के पहले सप्ताह तक बुक हो चुकी हैं। वीआईपी के लिए पीटीआर की चूका बीच की अरण्य कुटी को खाली रखने के साथ अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है।
टाइगर रिजर्व की महोफ रेंज के कोर एरिया में शारदा डैम से सटा जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल चूका बीच सैलानियों को खूब लुभा रहा हैं। यहां देश के कई राज्यों के अलावा विदेशी सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। चूका बीच की हसीन वादियां और जंगल में बाघ के दीदार सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
सैलानियों को तराई सुंदरता पसंद आने लगी है। यही वजह है कि नए साल पर जनवरी माह के पहले सप्ताह तक चूका बीच की सारी हटें बुक हो चुकी हैं। इस दौरान चूका पहुंचने वाले वीआईपी के लिए चूका बीच की अरण्य कुटी हट को विकल्प के रूप में खाली रखा गया हैं। इसके अलावा टाइगर रिजर्व के गेस्ट हाउस भी वीआईपी की आमद के मद्देनजर व्यवस्थित किए गए हैं।



