बरेली में मलेरिया का प्रकोप: एक दिन में 50 मरीज मिले, हालात परखने लखनऊ से आई टीम; महकमे में खलबली

जिला संयुक्त चिकित्सालय बरेली
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली जिले में बृहस्पतिवार को मलेरिया के 50 नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई। बारिश के बाद मच्छरों के तेजी से पनपने की वजह से यह स्थिति पैदा हुई है। इस वर्ष जनवरी से 17 अगस्त तक मलेरिया के कुल रोगियों की संख्या 1,017 पहुंच गई है। लगातार मरीज बढ़ने के बाद भी जिला अस्पताल में मलेरिया रोगियों को भर्ती कराने के लिए अलग से वार्ड तक नहीं बनाया गया है।
मलेरिया के साथ ही डेंगू भी पांव पसार रहा है। अब तक जिले में डेंगू के 23 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीमें संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर लोगों को मच्छरों से बचाव और उन्हें नष्ट करने का तरीका सिखा रही हैं। जिले में संचारी रोग नियंत्रण के लिए चल रही गतिविधियों के बावजूद मलेरिया और डेंगू के मरीज बढ़ने पर शासन ने हालात का जायजा लेने के लिए टीम भेजी है।
ये भी पढ़ें- बरेली में सीधी कांड जैसा केस: युवक को बंधक बनाकर पीटा, चेहरे पर किया पेशाब, पीड़ित ने प्रधान पर लगाया आरोप
बृहस्पतिवार को टीम ने मीरगंज के संवेदनशील गांव का निरीक्षण किया। जिला मलेरिया अधिकारी डीआर सिंह के मुताबिक, संवेदनशील गांवों में मलेरिया, डेंगू से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। किट और दवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।



