Pilibhit News: पीएम श्री योजना में शामिल हुए 10 सरकारी स्कूल
पीलीभीत। पीएम श्री योजना में जिले के 10 परिषदीय स्कूलों का चयन किया गया है। इनमें जन भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) को बीएसए की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।
पीएम श्री योजना के तहत जिले के अमरिया ब्लॉक के गांव गिदोर स्थित कंपोजिट विद्यालय, बरखेड़ा के खजुरिया पचपेड़ा, बिलसंडा के नंबर एक, बीसलपुर के रोहनिया, बीसलपुर नगर क्षेत्र के मोहल्ला दुबे के प्राथमिक स्कूल, ललौरीखेड़ा के कंपोजिट विद्यालय, मरौरी का गणेशपुर गौंटिया स्थित जूनियर हाईस्कूल, पूरनपुर के गांव खासपुर एवं नगर क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल नंबर को चयनित किया गया है।
शासन की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि इन स्कूलों में स्टेट रिसोर्स पर्सन (एसआरपी) को नोडल बनाते हुए अलग-अलग गतिविधियां कराते हुए जनभागीदारी की जाए। इसके तहत पौधरोपण, पर्यावरण जागरूकता संबंधी वाद-विवाद प्रतियोगिता व चर्चा, स्वच्छता पखवाड़ा, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण पर कार्यक्रम कराया जाएं। बैनर बनाकर रैली, छात्रों की प्रश्नोत्तरी, कविता, दीवार लेखन प्रतियोगिता का आयोजन कराते हुए स्थानीय कला व संस्कृति को बढ़ावा दिया जाए।
29 जुलाई को होगा लाइव प्रसारण
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की तीसरी वर्षगांठ के उत्सव का सीधा प्रसारण 29 जुलाई को नई दिल्ली से प्रसारित किया जाएगा। इसको लेकर निर्देश दिए गए हैं कि विशेष रूप से लाइव प्रसारण का कार्यक्रम कराया जाए। पीएम श्री विद्यालय के सभी छात्र, शिक्षक, समुदाय के सदस्य कार्यक्रम में मौजूद रहे। इसके लिए लिंक भी जल्द भेजा जाएगा।
वर्जन
पीएम श्री योजना के तहत जिले के 10 विद्यालयों का चयन किया गया है। इनमें रोजाना अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए एआरपी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। – अमित सिंह, बेसिक शिक्षाधिकारी