Pilibhit News: मंडी में जल निकास के लिए डाले जाएंगे 12 हृयूम पाइप

नौगवा पकडिया में मंडी के पास नाले को लेकर शुरू किया गया कार्य । संवाद
पीलीभीत। मंडी समिति को बारिश के दौरान बाढ़ और जलभराव से बचाने के लिए वैकल्पिक नाले पर काम को शुरू किया गया है। इसके लिए नगर पंचायत की ओर से एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) को हृयूम पाइप डलवाने के लिए पत्र भेजा था। संभावना जताई जा रही है कि इसे जल्द पूरा करा दिया जाएगा।
मंडी समिति में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर व्यापारी काफी चिंता में हैं। कारण है कि पहले का बना नाला चोक हो गया हैं और पानी पास नहीं हो पा रहा। इधर, जब नगर पंचायत ने वैकल्पिक नाले को लेकर काम शुरू किया तो तीन दिन पहले हुई बारिश में टनकपुर हाईवे से पानी वापस मंडी में ही जाने लगा था। इससे दुकानदारों के सामने नींव धंसने की चिंता बढ़ गई थी।
अब पानी निकासी के लिए नगर पंचायत के पत्र के बाद एनएचएआई के निर्देशन में काम को शुरू कर दिया गया है। मंडी में पानी की समस्या को दूर करने के लिए फिलहाल गेट के पास के नाले को सड़क की दूसरी ओर के नाले को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए सड़क के बीच से 12 हृयूम पाइप डाले जाएंगे। इसके लिए पाइप भी मंगवा लिए गए हैं।
काम को होते देखकर दुकानदारों ने भी कुछ राहत मिली है। उनको कहना है कि संभावना है कि जल्द ही इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। कार्यदायी संस्था के मैनेजर सुमन ने बताया कि काम शुरू करा दिया गया है। 12 पाइप डालकर दूसरी ओर के नाले से जोड़ा जाएगा। इससे मंडी और वहां मौजूद तालाब का पानी पास होता रहेगा। यह नाला चौराहे पर मुख्य नाले से मिला हुआ है।