Pilibhit News: बदले मार्ग से चलेंगी रोडवेज की 30 बसें, किराया 10 रुपये बढ़ा

रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ी बसे । फाइल फोटो
पीलीभीत। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के मद्देनजर दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसों का रूट मुरादाबाद से बदल दिया गया है। बदले हुए मार्ग से जाने की वजह से यात्रियों को जहां ज्यादा किराया देना होगा वहीं समय भी अधिक लगेगा।
कार्तिक पूर्णिमा के स्नान को देखते हुए दिल्ली जाने वाली 30 बसों का रुट मुरादाबाद से डायवर्ट किया गया है। अब यह बसें मुरादाबाद से संभल, बगुलारा से गुनौर, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली जाएंगी। अब तक यह बसें गजरौला, गाजियाबाद और गढ़मुक्तेश्वर होते हुए दिल्ली जा रहीं थीं। ऐसे में इन बसों को 50 किमी की दूरी अधिक तय करनी पड़ेगी। इस मार्ग पर टोल प्लॉजा न होने से किराए में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की गई है। महज 10 रुपये का ही अंतर आएगा।
अब तक दिल्ली तक की सभी बसों का किराया 522 रुपये था, जोकि अब बढ़कर 532 रुपये हो गया है। यात्रियों को दिल्ली तक पहुंचने के लिए समय ज्यादा लगेगा। एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रूट डायवर्ट होने से ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा है। किराए में महज 10 रुपये का ही अंतर आया है। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के बाद सभी बसें अपने तय रूट से ही चलेंगी