Pilibhit News: जिले के 381 छात्र-छात्राएं देंगे इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट की परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 28 Jun 2023 12:46 AM IST
पीलीभीत। यूपी बोर्ड की इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं ने पोर्टल पर आवेदन किए थे। इनकी सूची क्षेत्रीय कार्यालय ने अब डीआईओएस कार्यालय को मुहैया कराई है। कुल 381 छात्र-छात्राएं 10वीं, 12वीं के एक-एक विषय की परीक्षा देंगे। परीक्षा 22 जुलाई को शहर के ड्रमंड इंटर कॉलेज में होगी। विभागीय जिम्मेदार इसके लिए तैयारियों में जुट गए हैं। इसके अलावा तिथि में किए गए बदलाव की जानकारी भी सार्वजनिक की गई है।
शैक्षिक सत्र 2022-23 में यूपी बोर्ड के अंतर्गत जिले में 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाले ऐसे छात्र-छात्राएं जो किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण रहे थे। इनको दोबारा से उस विषय की परीक्षा का मौका दे दिया गया है। निदेशालय से मिले पूर्व के निर्देश के मुताबिक ये परीक्षा 15 जुलाई को कराई जानी थी। लेकिन मंगलवार को इस आदेश में बदलाव किया गया है। डीआईओएस गिरिजेश कुमार ने बताया कि अब ये परीक्षा 22 जुलाई को कराई जाएगी। इस परीक्षा मेें 10वीं कक्षा के 225 और 12वीं कक्षा के 176 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
यह परीक्षा बोर्ड परीक्षा की भांति दो ही पालियों में होगी। सुबह आठ बजे से सवा ग्यारह बजे तक 10वीं और दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहेंगे। डीआईओएस के मुताबिक इसे नकल विहीन बनाने के लिए मजिस्ट्रेट भी तैनात किए जाएंगे।