Pilibhit News: 13 स्थानों पर बैरिकेडिंग कर 450 पुलिस कर्मियों की लगाई ड्यूटी
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 27 Sep 2023 12:16 AM IST

शहर का गैस चौराहा । संवाद
पीलीभीत। बारावफात पर निकलने वाले जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में 50 से अधिक जगहों पर 450 पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा चार सीओ, दस थाना प्रभारियों की ड्यूटी लगाया गई है। 13 स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी।
बारावफात पर शहर के मोहल्ला भूरे खां से बुधवार को रात 10 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगा। जुलूस को लेकर पूर्व में हुए विवादों को देखते हुए पुलिस ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। एएसपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि जुलूस को लेकर शहर में अलग-अलग स्थानों पर चार सीओ, दस थाना प्रभारियों के अलावा पुलिस लाइन से भी फोर्स लगाई गई है।
शहर में छोटी मार्केट, पंजाबियान, मोहल्ला फीलखाना समेत 13 स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा वर्ष 2015 में मद्दे की पुलिया पर हुए विवाद के कारण वहां भी बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है। जुलूस के लिए चार क्लस्टर मोबाइल, दो क्यूआरटी दस्ते भी बनाए गए हैं। 50 से अधिक प्वाइंट बनाकर पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। तीस स्थानों पर रूफटॉप डयूटी लगाई है ताकि संदिग्धों समेत हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।