Pilibhit News: आइसक्रीम फैक्टरी की मशीन न देकर हड़पे पांच लाख
एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। आइसक्रीम फैक्टरी की पांच लाख रुपये की मशीन न देने पर मुरादाबाद के एक फर्म मालिक के खिलाफ एक युवक ने सुनगढ़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के राजीव कॉलोनी के रहने वाले युवक ओमप्रकाश ने बताया कि उन्होंने आइसक्रीम फैक्टरी लगाने के लिए शहर की बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 15 लाख रुपये का ऋण लिया। उसने मशीनें खरीदने के लिए मुरादाबाद की वारसी कूलिंग प्वांइट के मालिक जरीफ हुसैन से संपर्क किया। इसके बाद उसे 15.03 लाख रुपये का भुगतान खाते से करने के साथ 20 हजार रुपये नकद दिए। जरीफ हुसैन ने 50 हजार रुपये 10 अप्रैल को एकांउट में वापस कर दिए। इसके बाद दस लाख रुपये का सामान तो दे दिया, मगर एक अन्य मशीन के लिए 15 दिन का समय मांगा। समय बीतने के बावजूद वह मशीन नहीं दी। आरोप है कि जरीफ ने उसके करीब पांच लाख रुपये हड़प लिए। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने अमानत में खयानत समेत अन्य कुछ धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।