Pilibhit News: आंधी से बिजली ठप, 50 हजारों उपभोक्ताओं को हुई दिक्कत
पूरनपुर। बृहस्पतिवार सुबह आई आंधी से बिजली हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट से नगर समेत छह विद्युत उपकेंद्रों के 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई
सुबह सवा पांच बजे आई आंधी के कारण बिजली हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट से नगर के अलावा देहात के विद्युत उपकेंद्र, शेरपुर कलां, हरीपुर, कुर्रैया, घुंघचाई के विद्युत सब स्टेशनों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दोपहर करीब सवा बजे के बाद खराबी दूर होने पर नगर समेत क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। इधर, गांव भगवंतापुर में बिजली हाईटेंशन की लाइन पर नीम का बड़ा पेड़ गिरने से शाम तक शेरपुर विद्युत उपकेंद्र की सप्लाई को सुचारू नहीं किया जा सका। इसी क्रम में फीडर नंबर दो में लाइनपार मठिया के समीप रखे ट्रांसफार्मर में आग लगने से फीडर नंबर दो की बिजली सप्लाई एक घंटा बाधित रही। मोहल्ला बमनपुरी में पंचमदास इंटर कॉलेज के समीप रखे ट्रांसफार्मर से तेल निकलने की सूचना पर फीडर नंबर चार की बिजली सप्लाई डेढ़ घंटा तक बंद रही। संवाद
आंधी में बिजली हाईटेंशन लाइन के आठ खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। शेरपुर उपकेंद्र को छोड़कर अन्य उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति दोपहर को शुरू करा दी गई।
-प्रवीण कनौजिया, एसडीओ