Pilibhit News: जिले के 667 विद्यार्थियों ने छोड़ी राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा

अबंती बाई इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर आते बच्चे । संवाद
पीलीभीत। शहर के आठ परीक्षा केंद्रों पर रविवार को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा कराई गई। परीक्षा के लिए 3619 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण था, जिसमें 2952 ने ही परीक्षा दी। परीक्षा में 667 छात्र-छात्राएं गैर हाजिर रहे। परीक्षा 98 कक्ष निरीक्षकों की निगरानी में कराई गई। अफसरों का दावा है कि परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई, जो दोपहर एक बजे तक चली। परीक्षा के लिए शहर में आठ केंद्र बनाए गए थे, जिसमें अंगूरी देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, चिंरौजीलाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, नत्थादेवी स्मारक इंटर कॉलेज रुपपुर कृपा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज और वीरांगना अवंतीबाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में परीक्षा कराई गई। परीक्षा के दौरान डीआईओएस ने ड्रमंड कॉलेज, अवंतीबाई और नत्थादेवी इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। परीक्षा के लिए 98 कक्ष निरीक्षक तैनात थे। परीक्षा के बाद सभी स्कूलों की ओएमआर सीट एकत्र कर कड़ी सुरक्षा में बरेली भेजी गई।
परीक्षा छूटने के बाद लगा जाम
परीक्षा देने के लिए दूर-दराज से काफी छात्र-छात्राएं अपने परिजन के साथ आए थे। कोई बाइक से तो कोई कार व अन्य साधनों से पहुंचा था। ऐसे में जब दोपहर एक बजे के बाद परीक्षा छूटी तो केंद्रों के बाहर जाम लग गया। हालांकि कुछ ही देर बाद जाम से निजात मिल गई। सबसे ज्यादा परेशानी गौहनिया चौराहे पर देखने को मिली।
यहां इतने गैर हाजिर रहे परीक्षार्थी
कॉलेज- पंजीकृत- उपस्थिति- गैर हाजिर
ड्रमंड कॉलेज 500- 401 99
आवंती बाई- 600 503 97
अंगूरीदेवी- 400 327 73
जीजीआईसी- 400 319 81
चिरौंजीलाल- 600 483 117
एसएन कॉलेज-384 304 80
सनातन धर्म- 500 408- 92
नत्थादेवी कॉलेज-235 207 28
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में 3619 का पंजीकरण था, जिसमें 2952 ने परीक्षा दी। 667 बच्चे गैर हाजिर रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। ओएमआर सीट कड़ी सुरक्षा में बरेली भेज दी गई हैं। – गिरजेश कुमार चौधरी, डीआईओएस



