Pilibhit News: शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 23 Jun 2023 12:43 AM IST
पूरनपुर। शादी का झांसा देकर युवती से ईंट भट्ठे पर दुष्कर्म किया गया। शिकायत करने पर आरोपी और उसके परिजन ने युवती से निकाह करने का आश्वासन दिया। निकाह की तारीख तय करने को कहा तो युवती की मां की पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी।
क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि वह परिवार के साथ जहानाबाद क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर ईंटें पाथने का काम करती है। ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाले जहानाबाद के युवक ने उसकी पुत्री को शादी का झांसा दिया और फिर नशा देकर दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी पुत्री ने दी तो पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी के परिजनो ने निकाह करने का आश्वासन देकर समझौता कर लिया। इसके बाद आरोपी छह महीने तक युवती से दुष्कर्म करता रहा।
निकाह की तारीख तय करने को कहने पर आरोपी और उसके परिजनों ने युवती की मां की पिटाई कर दी। गालीगलौज कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एक अन्य मामले में क्षेत्र की महिला ने परिजन की गैरमौजूदगी में घर में घुसकर देवर पर दुष्कर्म की कोशिश करने, विरोध पर पिटाई कर धमकाने का आरोप लगाया है। घटना 15 जून की है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।