Pilibhit News: लगभग हर घर में आई फ्लू का एक मरीज

बीसलपुर सीएचसी के नेत्र अनुभाग कक्ष में उमड़े नेत्र रोगी। संवाद
बीसलपुर। आजकल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नेत्र कक्ष अनुभाग में आई फ्लू के मरीज काफी संख्या पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र में नेत्र रोग विशेषज्ञ न होने से मरीजों को अपेक्षित राहत नहीं मिल पा रही है।
पूरे तहसील क्षेत्र में पिछले लगभग डेढ़ सप्ताह से आई फ्लू जोरों से फैला हुआ है। लगभग हर घर में कोई न कोई व्यक्ति आई फ्लू की चपेट में है। झोलाछाप के पास भी काफी मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नेत्र अनुभाग कक्ष में रोजाना 25 से 30 मरीज आ रहे हैं।
स्वास्थ्य केंद्र के नेत्र परीक्षण अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रोजाना आई फ्लू के काफी मरीज आ रहे हैं। मरीजों को सही करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्र के नेत्र अनुभाग में दवाइयां भरपूर मात्रा में उपलब्ध है। किसी भी मरीज को मायूस होकर नहीं लौटना पड़ रहा है।