पीलीभीत

Pilibhit News: पुलिस की शह पर एक के बाद एक वारदात कर रहा बिगडैल छात्र

Connect News 24

पीलीभीत। शहर में एक बिगडैल छात्र की गुंडागर्दी दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। पुलिस के कोई कार्रवाई न करने से उसके हौसले बुलंद है। करीब तीन महीने में उसके खिलाफ मारपीट के तीन मामले दर्ज हो चुके हैं। सरेआम बीच सड़क पर साथियों की मदद से मारपीट करने के वीडियो तक पुलिस को दिए गए। बावजूद इसके हर बार पुलिस कोई न कोई बहाना बनाकर कार्रवाई करने से बचती रही। अब उसने चिंरौजी लाल इंटर कॉलेज के छात्र को पीटा है। इसकी रिपोर्ट सुनगढ़ी थाने में दर्ज कराई गई है।

शहर के मोहल्ला डोरीलाल मोहल्ले का छात्र गैंग बनाकर आए दिन शहर में मारपीट की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। इस बार उसने चिंरौजीलाल इंटर कॉलेज के छात्र वंश मिश्रा को पीटा है। शहर के मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले प्रेमकुमार मिश्रा ने बताया कि उनका पुत्र वंश 26 अगस्त की दोपहर कॉलेज से वापस आ रहा था। रास्ते में घेरकर उससे मारपीट की गई। इसमें वह घायल हो गया।

वंश के परिजन शिकायत करने आरोपी के घर गए तो आरोपी के परिजनों ने वंश के घर आकर मारपीट की। परिजनों ने मामले की तहरीर थाना सुनगढ़ी में दी। पहले तो पुलिस जांच के नाम पर टरकाती रही, लेकिन जब मामला पुलिस अफसरों के पास पहुंचा तो 21 सितंबर को आरोपी छात्र व उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।

हाल यह है कि इस छात्र के मारपीट करने के कई वीडियो पुलिस के पास पहुंच चुके हैं, बावजूद इसके पुलिस कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। एक वीडियो में आरोपी सरेआम पांच-छह लड़कों के साथ एक छात्र को पीटता नजर आ रहा है, लेकिन पुलिस खामोश है। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बताकर नहीं की कार्रवाई

शहर के मोहल्ला मोहतशिम खां निवासी विक्रम शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके पुत्र को आरोपी छात्र घर से ले गया। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर लोहे के पंच सिर में मारकर लहूलुहान कर दिया। बेटे के सिर में कई टांके आए। फैसले के लिए जबरदस्त दबाव बनाया गया, लेकिन कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, उल्टा उनके खिलाफ आरोपियों की तरफ से अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाली पुलिस ने छात्र को नाबालिग लगाकर चार्जशीट लगाने की बात कहते हुए पल्ला झाड़ लिया। इस घटना के कुछ दिन बाद ही आरोपी ने शहर के मोहल्ला मदीना शाह के रहने वाले छात्र जतिन राठौर को कोचिंग जाते समय बीच सड़क पर पीटा। उसकी साइकिल तोड़ दी। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button