Pilibhit News: ससुराल जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
कैंच गांव की पुलिया के पास सड़क किनारे मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
गजरौला। क्षेत्र के गांव कैंच के निकट पुलिया के पास सड़क किनारे युवक का शव पड़ा मिला। सड़क हादसे में युवक की मौत होना बताई जा रही है। युवक बाइक से अपनी ससुराल जा रहा था।
गांव बिठौरा कलां निवासी राजाराम ने बताया कि उनका बेटा मनोज (24) दो माह से मझोला स्थित नशा मुक्ति केंद्र में था। उसकी पत्नी मायके चली गई थी। दो दिन पूर्व ही मनोज घर में आया था। बृहस्पतिवार की दोपहर वह घर से ससुराल न्यूरिया क्षेत्र के गांव कल्लिया जाने की बात कहकर गया था।
शुक्रवार सुबह गांव कैंच के निकट स्थित पुलिया के पास मनोज की बाइक पड़ी मिली। पास में मनोज का शव पड़ा था। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के पास से मिले आधार कार्ड के जरिए सूचना परिवार वालों को दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक के पांच माह का एक छोटा बच्चा मयंक है। पत्नी लज्जावती का रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस का मानना है कि रात में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत हुई है।



