Pilibhit News: सीएचसी लाया गया आरोपी पुलिस अभिरक्षा से भागा, बाद में दबोचा
पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूले
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर (पीलीभीत)। तमंचे के साथ पकड़ा गया आरोपी सीएचसी में रस्सी से हाथ निकालकर पुलिस अभिरक्षा से भाग खड़ा हुआ। इससे उसका मेडिकल कराने आए पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। बाद में सिपाहियों ने दौड़कर करीब दो सौ मीटर दूरी पर उप निबंधक कार्यालय के पास उसे पकड़ लिया।
सोमवार को माधोटांडा पुलिस ने न्यूरिया हुसैनपुर निवासी अतीकुर्रहमान को तमंचा सहित गिरफ्तार किया था। अतीकुर्रहमान के साथ तीन अन्य आरोपियों का तीन सिपाही सीएचसी में सोमवार दिन में करीब तीन बजे मेेडिकल कराने आए थे।
इस दौरान अतीर्कुहमान बांधी गई रस्सी से हाथ निकालकर भाग खड़ा हुआ। यह देखकर एक सिपाही अतीर्कुहमान के पीछे चीखते हुए भागा। सिपाही को भागते देख आरोपी को पकड़ने के लिए अन्य लोग पीछे भागे। सीएचसी से करीब दो सौ मीटर दूर उप निबंधक कार्यालय के पास खड़ी बाइकों के कारण आरोपी आगे नहीं भाग पाया। पीछे से पहुंचे सिपाही ने उसे दबोच लिया। जिसपर पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली।
माधोटांडा पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों को मेडिकल के लिए सीएचसी भेजा था। न्यूरिया हुसैनपुर निवासी अतीकुर्रहमान तमंचा सहित गिरफ्तार हुआ था। सीएचसी मेें मेडिकल के दौरान उसकी हथकड़ी खोल दी गई थी। इस पर उसने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की है। पुलिस कर्मियों ने उसे कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया।
– आलोक सिंह, सीओ