Pilibhit News: मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन, हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 28 Jul 2023 12:45 AM IST
कलीनगर। बाघ के हमले से मासूम बच्ची की मौत से परिजन के अलावा ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर काफी देर तक शव को नहीं उठने दिया। जमकर हंगामा होता रहा। बाद में पहुंचे एसओ व रेंजर के आश्वासन के बाद परिजन माने व शव को पोस्टमार्टम को भेजा।
जंगल में शव बरामद होने के बाद ग्रामीण उसे गांव लेकर आए। यहां वन विभाग की टीम भी पहुंच गई। वनकर्मी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कहने लगे। इस पर ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया। वह तार फेंसिंग व मुआवजे की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची एंबुलेंस में भी शव को नहीं रखने दिया। भारी विरोध के चलते रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव और एसओ अचल कुमार मौके पर पहुंचे। नानी राजेश्वरी और मौसी बबीता मुआवजे की मांग पर अड़ी रही। अफसरों के आश्वासन के बाद शव को बमुश्किल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जांच पड़ताल की जा रही है। जंगल सीमा के नजदीक की घटना है। परिजन को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। – अरुण मोहन श्रीवास्तव, रेंजर बराही