Pilibhit News: नए साल पर चूका फुल, व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात

जंगल मार्ग पर विचरण करता बाघ । स्रोत – पर्यटक
कलीनगर। प्राकृतिक सुंदरता के बीच नए साल में प्रवेश की ख्वाहिश रखने वाले सैलानियों से चूका बीच की सारी हटें फुल हो चुकी हैं। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की अरुण कुटी भी वीआईपी के लिए नए साल पर बुक हो गई है। सैलानियों की भीड़ के मद्देनजर पीटीआर प्रशासन ने व्यवस्थाएं संभालने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था की है। इसके लिए प्वाइंट बनाकर ड्यूटी लगाने की बात कही जा रही है।
पीटीआर के प्रमुख पर्यटन स्थल चूका बीच का नजारा सैलानियों को खूब पसंद आ रहा है। जंगल के बीच बनी खूबसूरत हटें और दूसरी ओर शारदा सागर डैम में हिलोरे लेता पानी, सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है। सत्र की शुरुआत के बाद से ही देश के कई इलाकों के सैलानी यहां पहुंचते हैं। नए साल का जश्न मनाने के लिए भी सैलानियों ने चूका बीच की हटों को बुक कर लिया है।
वन निगम की थारू, बंबू और ट्री हट जनवरी के पहले सप्ताह तक के लिए बुक हैं। पीटीआर की अरण्य कुटी भी नए साल पर वीआईपी की आमद से बुक हो चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि नए साल के दिन सैलानियों की संख्या अधिक रहेगी। सैलानी चूका बीच के दीदार के साथ जंगल भ्रमण करने पहुंचेंगे। ऐसे में सैलानियों को असुविधा ना हो, इसके लिए अफसरों के निर्देश पर महोफ रेंज प्रशासन ने अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था की है।
रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि चूका बीच की हटें बुक हो चुकी हैं। नए साल पर सैलानियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया जाएगा। इसके लिए मुस्तफाबाद, लालपुल समेत प्वाइंट बनाए गए हैं।

