Pilibhit News: कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में रिक्त 80 सीटों पर होंगे दाखिले
पीलीभीत। जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में खाली रह गईं 80 सीटों पर जल्द दाखिले होंगे। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है। इस बार प्रवेश की प्रक्रिया में अनुसूचित जाति के अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों से संबंध रखने वाली बालिकाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रक्रिया को शुरू हुए तो दो माह हो चुके हैं। लेकिन स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण इसपर विराम लगा हुआ था।
वर्तमान में जनपद के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में रहकर छात्राएं कक्षा छह से आठ तक निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। इसके अलावा रहने, खाने की व्यवस्था की जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कराई जाती है। जिससे इसमें पढ़ने वाली बच्चियों के परिवार पर किसी भी तरह का आर्थिक बोझ न पड़े।
जिले के इन विद्यालयों में दाखिले की प्रकिया अप्रैल महीने में शुरु हो गई थी। लेकिन इसके बाद गर्मियों की छुट्टियां शुरु होने के कारण ये प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी, जिससे 80 सीटें खाली रह गईं। वहीं 820 सीटों पर बालिकाएं प्रवेश ले चुकी हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि इस बार आर्थिक रुप से पिछड़े हुए वर्ग की बालिकाओं को भी तवज्जों मिलेगी।
00
प्रवेश में इन्हें मिलेगी प्राथमिकता
जिले में संचालित हो रहे प्रत्येक कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सिर्फ 100-100 सीटें हैं। ऐसे में कुल 900 सीटें निर्धारित हैं। प्राथमिकता के तौर पर सबसे पहले अनुसूचित जाति में आर्थिक रूप से कमजोर व अनाथ वर्ग की बालिकाओं को मौका दिया गया। अब बीपीएल के परिवार की बालिकाओं को भी मौका दिया जाएगा।
00
ऐसे करें आवेदन
बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार के मुताबिक आवेदन की प्रक्रिया को इस बार आसान कर दिया गया है। जिन बच्चियों का दाखिला होने है, उनके अभिभावक व संरक्षक विद्यालय जाकर आवेदन फॉर्म ले सकते हैं।