Pilibhit News: डीएम, एसपी के समाधान दिवस से जाते ही चले गए अफसर भी

पूरनपुर में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें डीएम व एसपी ।-संवाद
पीलीभीत। जिले की तहसीलों में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में लोग यह उम्मीद लेकर आए थे कि तत्काल समस्या का समाधान हो जाएगा, लेकिन कुछेक का ही निस्तारण हो पाया। डीएम-एसपी के नेतृत्व में पूरनपुर में संपूर्ण समाधान दिवस लगा, जबकि बाकी जगह एसडीएम व अन्य अधिकारियों ने समस्याएं सुनीं।
पूरनपुर। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 20 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इसमें महज सात का ही मौके पर निस्तारण हो सका। अपराह्न करीब सवा बजे डीएम और एसपी के जाने के बाद अधिकांश अफसर भी चले गए
समाधान दिवस में वकीलों के प्रतिनिधि मंडल ने वकील नत्थूलाल पांडेय के घर दो महीने पहले हुई चोरी की घटना का खुलासा न करने की शिकायत की। एसपी अतुल शर्मा ने कोतवाल से घटना के जल्द खुलासे के बारे में कहा। गांव दुधियाखुर्द के चेतराम की पत्नी अनीता ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत आवेदन करने के बाद भी शौचालय निर्माण न होने और खुले में शौचालय जाने की जानकारी दी। इस पर सीडीओ धर्मेंद्र सिंह ने खंड विकास अधिकारी को मोबाइल पर कार्रवाई के निर्देश दिए। अनीता को 10 दिन में शौचालय न स्वीकृत होने पर बीडीओ से मिलने का सुझाव दिया। डीएम और एसपी के दोपहर सवा बजे संपूर्ण समाधान दिवस से चले जाने पर अधिकांश अफसर भी चले गए।
समाधान दिवस में गूंजा नहरों में पानी न आने का मुद्दा
कलीनगर। तहसील में लगे समाधान दिवस में एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। समाधान दिवस में फरियादियों की संख्या कम नजर आई। नहरों में पानी न आने से परेशान दस से अधिक किसान समाधान दिवस में पहुंचे। लिखित शिकायती पत्र एसडीएम को सौंपा। किसानों ने बताया कि गेहूं की फसल लगाए 45 से 50 दिन हो गए हैं। सिंचाई न होने की वजह से फसल सूख रही हैं। पंपिंग सेट से भी काम नहीं चल पा रहा है। सिंचाई के लिए मुख्य साधन नहर है, जो लंबे समय से बंद पड़ी है। एसडीएम ने मामले में उच्च अफसरों से बातचीत की। इसके अलावा समाधान दिवस में पुलिस और राजस्व से संबंधित पांच शिकायतें आईं, जिसमें दो का मौके पर निस्तारण किया गया। संवाद
बीसलपुर में 18 में से महज दो शिकायतों का हुआ निस्तारण
बीसलपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में 18 में से केवल दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष शिकायतें निस्तारण करने का निर्देश देते हुए सौंप दी। समाधान दिवस का संचालन तहसीलदार करम सिंह ने किया। संवाद
फोटो ४
सूची में नाम होने पर भी नहीं मिल रहा प्रधानमंत्री आवास
बीसलपुर। मोहल्ला बाजार कटरा निवासी कुलदीप कुमार ने बताया कि उनका घर काफी जर्जर है, जो किसी भी समय गिर सकता है। उनका नाम प्रधानमंत्री आवास सूची में वर्षों से दर्ज है। प्रधानमंत्री आवास बनवाने के लिए संबंधित अधिकारियों के यहां वर्ष 2017 से चक्कर लगा रहे हैं। सुविधा शुल्क न दिए जाने के कारण उनका आवास नहीं बन पा रहा है। उन्होंने शनिवार को फिर संपूर्ण समाधान दिवस में इस बाबत प्रार्थना पत्र दिया। संवाद
फोटो ३
सड़क से सब्जी मंडी हटवाने के लिए दस वर्षों से लगा रहे चक्कर
बीसलपुर। नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मोहल्ला बख्तावर लाल निवासी राकेश मित्तल ने बताया कि बारह पत्थर रोड पर नई सब्जी मंडी के पास उनकी दुकान है। दुकान के सामने से गुजरने वाली मुख्य बारह पत्थर रोड के आधे हिस्से पर सब्जी विक्रेताओं ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। उधर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। मुख्य सड़क पर लगी सब्जी मंडी को हटवाने के लिए संबंधित अधिकारियों के यहां पिछले दस साल से चक्कर लगा रहे हैं लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। उन्होंने शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फिर इस समस्या को लेकर शिकायत की। संवाद

पूरनपुर में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें डीएम व एसपी ।-संवाद

पूरनपुर में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें डीएम व एसपी ।-संवाद