Pilibhit News: रम्पुरिया महोफ में पहुंचा हमलावर बाघ, दहशत

किसानों से जानकारी करते डिप्टी रेंजर शेर सिंह। संवाद
– निगरानी के दावों के बीच बाघ की चहलकदमी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूरिया(पीलीभीत)। न्यूरिया क्षेत्र में निगरानी के दावों के बीच किसानों को मारने वाले बाघ की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। पांच किलोमीटर के दायरे में बाघ की मौजूदगी देखी जा रही है। शनिवार सुबह रम्पुरिया महोफ गांव की सीमा में बाघ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत रही। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर निगरानी बढ़ाई है।
न्यूरिया के गांव अलीगंज बरी में चार दिन पूर्व आबादी के निकट खेत में पहुंचे बाघ ने एक किसान को हमला कर मार दिया था। इसके बाद से बाघ की लगातार मौजूदगी देखी जा रही है। स्थिति पर नजर रखने के लिए विभाग ने टीमों का गठन करने के साथ नौ कमरे भी लगाए हैं।
दो दिन पूर्व बाघ ने मानपुर गांव के निकट पहुंचकर एक सांड़ को मार डाला था। बाघ की लगातार मौजदूगी से परेशान ग्रामीणों ने खेतों की ओर जाना कम कर दिया है। लोगों का कहना है कि बाघ आबादी के निकट घूम रहा है। विभाग की ओर से पकड़ने के नाम पर पिंजरा लगाकर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है।
शनिवार को भी बाघ रम्पुरिया महोफ गांव की सीमा में चहलकदमी करते देखा गया। किसान परमजीत सिंह के खेत से बाघ के पैरों के निशान ट्रेस किए गए। सूचना के बाद सामाजिक वानिकी के डिप्टी रेंजर शेर सिंह भी मौके पर पहुंचे। डिप्टी रेंजर ने बताया कि बाघ की निगरानी जारी है।रम्पुरिया क्षेत्र में भी कैमरे लगाए जाएंगे।
तेंदुए ने किसान को हमला कर किया घायल
पूरनपुर। हजारा थाना क्षेत्र के गांव कुठिया गुदिया निवासी किसान जगदीश सिंह (35) पर शनिवार को तेंदुए ने हमला कर लहूलुहान कर दिया। घायल को इलाज के लिए लखीमपुर के पलिया कस्बा ले जाया गया है। जगदीश सिंह का गांव के समीप खेत है। शनिवार को जगदीश खेत देखने गया था। इस दौरान झाड़ियों से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर घायल कर दिया। शोर-शराबे पर तेंदुआ फिर झाड़ियों में छिप गया। संवाद