Pilibhit News: इंस्पेक्टर माधोटांडा को हटाने के लिए प्रधानों ने शुरू किया बेमियादी धरना

पूरनपुर में सीओ कार्यालय गेट पर धरना देकर प्रदर्शन करते प्रधान और उनके प्रतिनिधि। संवाद
कोतवाली में हुई वार्ता पर हो गया समझौता
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। भैरों के प्रधान से मोबाइल पर अभद्रता के मामले में प्रधानों ने शनिवार को माधोटांडा इंस्पेक्टर को हटाने की मांग को लेकर सीओ कार्यालय गेट पर बेमियादी धरना-प्रदर्शन शुरू किया। करीब दो घंटे बाद इंस्पेक्टर पूरनपुर के वार्ता के प्रस्ताव पर प्रधान मान गए और बेमियादी धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। शाम चार बजे कोतवाली में हुई वार्ता के बाद विवाद निपट गया।
अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष नरेशपाल सिंह के नेतृत्व में प्रधानों ने 27 मई को सीओ कार्यालय में ज्ञापन दिया था। ज्ञापन में माधोटांडा इंस्पेक्टर पर ग्राम पंचायत भैरो के प्रधान को मोबाइल पर धमकाने का आरोप लगाया। ज्ञापन में इंस्पेक्टर माधोटांडा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। बाद में प्रधानों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर एएसपी को ज्ञापन देकर इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को प्रधानों ने इंस्पेक्टर माधोटांडा को हटाने की मांग को लेकर सीओ कार्यालय गेट पर बेमियादी धरना प्रदर्शन शुरू किया। नाराज प्रधानों का कहना था कि जब तक इंस्पेक्टर माधोटांडा को नहीं हटाया जाता। तब तक बेमियादी धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। करीब दो घंटे बाद पहुंचे इंस्पेक्टर पूरनपुर आशुतोष रघुवंशी ने वार्ता का हवाला देकर प्रधानों का धरना प्रदर्शन समाप्त करा दिया।
शनिवार शाम चार बजे कोतवाली में हुई वार्ता में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष नरेशपाल सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर ने गलती मान ली है। साथ ही जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। इसलिए अब धरना प्रदर्शन नहीं करने का निर्णय लिया है। इंस्पेक्टर माधोटांडा ने बताया कि बातचीत हो चुकी है। इससे प्रधान संतुष्ट हो गए और धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया है।
वार्ता में सीओ सुनील दत्त, इंस्पेक्टर पूरनपुर, इंस्पेक्टर माधोटांडा और कई प्रधान व उनके प्रतिनिधि शामिल थे।