Pilibhit News: पांच केंद्रों को हटाने की मांग से बरखेड़ा मिल के अफसर परेशान
घर-घर जाकर किसानों को मनाने में जुटे
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। पांच गन्ना क्रय केंद्रों को बरखेड़ा चीनी मिल से हटाकर दूसरी मिलों से जोड़े जाने की मांग से बरखेड़ा चीनी मिल के अधिकारियों की नींद उड़ गई है। अधिकारी अब नाराज किसानों को मनाने में जुटे हैं।
सहकारी गन्ना विकास समिति की 14 अगस्त को मंडी परिसर में हुई वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में किसानों ने पांच गन्ना क्रय केंद्रों को बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा से हटाकर अन्य मिलों से जोड़े जाने की मांग की थी।
इन क्रय केंद्रो में नौगमिया, नगीपुर अखौला, चुर्रासकतपुर, रिछोला घासी, और अहिरोला शामिल हैं। किसानों का आरोप था कि बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा के अधिकारी किसानों को खरीदे गए गन्ने के मूल्य का भुगतान समय पर नहीं करते हैं। इससे किसानों को काफी आर्थिक दिक्कत होती है।
एक साथ पांच क्रय केंद्रों को बरखेड़ा चीनी मिल से हटाकर दूसरी मिलोंं से जोड़े जाने की मांग को लेकर बैठक में मौजूद बरखेड़ा मिल के अधिकारी सन्न रह गए थे। हालांकि मौके पर मौजूद बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा के एक जिम्मेदार अधिकारी ने उसी समय माइक पर जाकर मिल का पक्ष रखने का प्रयास किया, लेकिन कुछ नेताओं ने उन्हें बोलने नहीं दिया।
अब पांच क्रय केंद्रों को हटाए जाने की मांग को लेकर बरखेड़ा मिल के अधिकारियों की नींद उड़ गई है। बरखेड़ा मिल के गन्ना अनुभाग के अधिकारी नाराज किसानों के घर घर जाकर उन्हें मनाने का प्रयास कर रहे हैं। सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव आरपी कुशवाहा ने इस बात की पुष्टि की है।



