पीलीभीत

Pilibhit News: भाकियू ने घुंघचाई एसओ की मनमानी के खिलाफ किया प्रदर्शन

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

Updated Tue, 18 Jul 2023 11:28 PM IST

Bhakiyu protested against the arbitrariness of Ghungchai SO

एसडीएम कार्यालय के बाहर एसओ के खिलाफ प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता । संवाद

पूरनपुर। भाकियू (अराजनैतिक) ने एक कार्यकर्ता को हवालात में बंद करने की जानकारी पर पहुंचे ब्लॉक अध्यक्ष से गाली-गलौज कर अभद्रता करने और थाने से भगाने का आरोप एसओ घुंघचाई पर लगाया है। एसडीएम कार्यालय के बाहर घुंघचाई एसओ के खिलाफ प्रदर्शन कर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पकड़े गए किसान यूनियन कार्यकर्ता को छुड़वाने और एसओ को हटवाने की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर 21 जुलाई को थाने का घेराव कर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।

भाकियू के ब्लाॅक अध्यक्ष रामगोपाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के बाहर घुंघचाई एसओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसडीएम कार्यालय में दिए ज्ञापन में कहा गया कि मंगलवार को धान लगाने के विवाद पर घुंघचाई पुलिस तीन महिलाओं को पकड़कर थाने ले गई। किसान यूनियन के कार्यकर्ता गोकरन लाल दोनों पक्षों में समझौता कराने को थाने गए। आरोप है कि पुलिस ने उनको भी बंद कर दिया।

इसकी जानकारी पर पहुंचे भाकियू के ब्लाॅक अध्यक्ष रामगोपाल से एसओ ने अभद्रता की। उनका मोबाइल छीन लिया और थाने से भगा दिया। ज्ञापन में गोकरन को छुड़वाने और एसओ को थाने से हटाने की मांग की गई। मांगें पूरी न होने पर 21 जुलाई को थाने का घेराव कर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।

एसओ घुंंघचाई मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि खेत के विवाद को लेकर किसान सुखदेव के पास हाईकोर्ट का यथास्थिति का स्टे आदेश है। दूसरे पक्ष की महिलाओं ने खेत में पहुंचकर धान की पौध उखाड़नी शुरू कर दी। शिकायत पर पुलिस के साथ महिला कांंस्टेबल को भेजा गया। महिलाओं ने कांस्टेबल से अभद्रता की। इस पर तीन महिलाओं को थाने लाया गया। बाद में उनको छोड़ दिया गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button