Pilibhit News: पेड़ से टकराकर बाइक सवार की मौत, साथी घायल
बीसलपुर। बरेली रोड पर शनिवार देर शाम मंडरा मोड पर पेड़ से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई है, जबकि पीछे बैठा साथी गंभीर घायल हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चुटकुना निवासी रामाश्रय गंगवार ने बताया कि उनका बेटा अवनीश कुमार (25 ) शनिवार देर शाम बाइक से बीसलपुर से गांव लौट रहा था। बाइक पर गांव का धर्मवीर भी था। रास्ते में मंडरा मोड़ पर अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में अवनीश की मौके पर ही मौत हो गई। धर्मवीर गंभीर घायल हो गया।
धर्मवीर की सूचना पर दोनों के घरवाले मौके पर पहुंचे। धर्मवीर को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि अवनीश हेलमेट नहीं लगाए था।