Pilibhit News: पूरनपुर में तहसीलदार कोर्ट का बहिष्कार जारी
तहसीलदार के न हटने पर बृहस्पतिवार से उग्र आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। वकीलों की ओर से तहसीलदार कोर्ट के चल रहे कार्य बहिष्कार, विरोध प्रदर्शन के निपटारे को एसडीएम से सोमवार को वकीलों की वार्ता नहीं हो सकी। वकीलों की हुई बैठक में ग्रामीण न्यायालय को छोड़कर अन्य न्यायालयों में तहसीलदार के न हटने तक हड़ताल रखने, तहसीलदार कोर्ट का बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया गया। तय हुआ कि बुधवार को वकीलों का प्रतिनिधिमंडल तहसीलदार को हटाने की मांग को लेकर डीएम से मिलेगा।
तहसीलदार को हटाने की मांग को लेकर वकीलों का आठ मई से चल रहा विरोध प्रदर्शन, तहसीलदार कोर्ट का बहिष्कार अभी समाप्त नहीं हो सका है। प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना ने बताया कि प्रकरण को निपटाने के लिए सोमवार को एसडीएम ने वार्ता के लिए वकीलों को बुलाया था, लेकिन एसडीएम बगैर जानकारी दिए कही बाहर चले गए। इससे वार्ता को वकील इंतजार करते रहे।
उन्होंने बताया कि सोमवार को प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन की बैठक हुई। बैठक में तहसीलदार प्रकरण में अब तहसील स्तरीय अफसरों से वार्ता न करने, ग्रामीण न्यायालय छोड़कर अन्य सभी न्यायालयों की हड़ताल रखने और तहसीलदार के न हटने तक तहसीलदार कोर्ट का बहिष्कार जारी रखने का निर्णय किया गया।
उन्होंने बताया कि तय हुआ कि बुधवार को वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल तहसीलदार को हटाने को डीएम से मिलेगा। इसके बाद भी तहसीलदार के न हटने पर बृहस्पतिवार से उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
0000000
तहसीलदार प्रकरण को लेकर वकीलों को शुक्रवार को वार्ता को बुलाया गया था। वार्ता को नाममात्र वकील पहुंचे। इस पर अगले दिन वार्ता होना तय हुआ। सोमवार को जरूरी काम से बाहर आए है। वार्ता को लेकर वकीलों से सुबह बात हो गई है। शीघ्र ही वार्ता कर प्रकरण को निपटा लिया जाएगा।
-राजेश कुमार शुक्ला, एसडीएम