Pilibhit News: बागियों के चक्रव्यूह को भेदना भाजपा के लिए कड़ी चुनौती
शहर में प्रभात जायसवाल ने पत्नी का नामांकन कराकर सबको चौंकाया
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। भाजपा की सूची जारी होते ही पूरे जिले में बगावत के सुर तेज हो गए हैं। इसका असर नामांकन के अंतिम दिन दिखाई दिया। पीलीभीत नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी के अलावा बागियों ने भी अपना नामांकन कराया। अब भाजपा के सामने बागियों के चक्रव्यूह को तोड़ना कड़ी चुनौती रहेगा।
प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद अवनेश कौशिक ने पत्नी प्रियंका का नामांकन कराकर भाजपा प्रत्याशी को ही चुनौती दे डाली। रही सही कसर प्रभात जायसवाल ने पत्नी विमला जायसवाल का निर्दलीय रूप में नामांकन कराकर पूरी कर दी।
पिछले 15 सालों से प्रभात जायसवाल के घर में चेयरमैन की सीट रही। प्रभात जायसवाल लगातार दो बार चेयरमैन रहे जबकि 2017 में पत्नी को जिताया। इसके अलावा पूरनपुर में प्रदीप जायसवाल उर्फ लल्लन और गुलड़िया भिंडारा में पूर्व चेयरमैन अजय गोयल ने भाजपा से बगावत कर पार्टी प्रत्याशी की राह में कांटे बिछा दिए। भाजपा में बागियों के इस कड़े चक्रव्यूह को भेदने के लिए शीर्ष पदाधिकारियों ने मंथन शुरू कर दिया है। देखना यह है कि 27 अप्रैल तक नाम वापसी के आखिरी दिन भाजपा पदाधिकारी कितने रुठों को मनाकर पक्ष में ला पाएंगे।
सपा में भी कम नहीं है विरोध
सपा की सूची जारी होने के बाद टिकट की दावेदारी में लगे कई लोगों को पार्टी ने टिकट नहीं दिया था, तब सपा के बागी राजीव अग्रवाल उर्फ टीटी ने जिलाध्यक्ष पर रुपये लेकर टिकट कराने का आरोप लगाते हुए बगावत कर दी थी। तीन-चार दिन तक मनाने का क्रम चलता रहा। बात नहीं बनी आखिरी दिन राजीव अग्रवाल ने अपनी पुत्रवधू को पर्चा भरवाकर सपा की मुश्किलें बढ़ा दीं।

