Pilibhit News: घर में घुसकर पीटा, मोबाइल-नकदी लूटी
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Tue, 12 Sep 2023 12:49 AM IST
पूरनपुर। गांव उदयपुर खुर्द में कुछ लोगों ने घर में घुसकर परिवार की पिटाई कर दी और मोबाइल फोन व नकदी लूट ली। घटना का रविवार को सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ था। इस मामले में पुलिस ने गांव निवासी सुशील कुमार की ओर से गांव के ही शिशुपाल, उसके भाई सीताराम, पिता भगवान दीप और गांव के राजीव के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और मोबाइल फोन व नकदी छीन लेने की रिपोर्ट दर्ज की है।
सुशील ने बताया कि घटना नौ सितंबर शाम पांच बजे की है। गांव निवासी शिशुपाल उनके घर के दरवाजे पर लघुशंका कर रहा था। विरोध करने पर शिशुपाल, सीताराम, भगवान दीप और राजीव एक राय होकर घर में घुस आए। इन लोगों ने परिवार की महिलाओं, बच्चों की पिटाई की। घर से 1650 रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद