Pilibhit News: घर में घुसकर युवती से छेडखानी, कपड़े फाड़े, परिवार को पीटा
पूरनपुर। घर में घुसकर सगे भाइयों ने युवती से छेड़खानी की। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर कपड़े फाड़ डाले। छोटी बहन को भी खींच कर ले जाने की कोशिश की। शोर मचाने पर पहुंचे युवती के माता-पिता की पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी गई। घुंघचाई पुलिस के रिपोर्ट दर्ज न करने पर मंगलवार को पीड़िता परिजन समेत सीओ पूरनपुर से मिली। सीओ ने घुंघचाई पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
घटना सोमवार शाम को घुंघचाई थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने बताया कि गांव में सोमवार को मेला लगा था। शाम करीब सात बजे वह घर लौटी। जैसे ही वह अंदर घर में घुसी गांव के सगे भाई घर में घुस आए और छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध पर गाली-गलौज कर उसकी पिटाई की और कपड़े फाड़ डाले।
उसकी छोटी बहन ने विरोध किया तो आरोपी बाल पकड़कर उसे खींचकर घर से ले जाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान पीड़िता के माता-पिता आ गए। विरोध करने पर हमलावरों ने उनकी भी पिटाई की और जान से मारने व झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी। पीडि़ता ने बताया कि घटना की तहरीर पुलिस को दी गई लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
घायल युवती को बेहोशी की हालत में सोमवार शाम को सीएचसी लाया गया। इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। मंगलवार को फिर सीएचसी पहुंची पीड़िता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घुंघचाई एसओ कपिल कुमार ने बताया कि सोमवार शाम को 112 पर मारपीट की सूचना आई थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी। तब पीडि़त के परिजन उसे इलाज को स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस से सीएचसी ले गए थे। अभी तहरीर अभी नहीं मिली है।
वहीं, मंगलवार को पीड़िता परिवार के साथ सीओ के पास पहुंची और शिकायती पत्र दिया। सीओ आलोक सिंह ने बताया कि पीडि़ता ने शिकायती पत्र दिया है। घुंघचाई एसओ के पास भेजकर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।