Pilibhit News: नशीला बिस्कुट खिलाकर बस चालक को बेहोश कर उड़ाया पर्स
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। अज्ञात युवक ने रविवार को रोडवेज बस में उसके चालक को नशीला बिस्कुट खिलाकर बेहोश कर दिया। उसके बाद वह उसका पर्स उड़ा ले गया।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी रोडवेज बस के परिचालक मोहम्मद जुनैद ने बताया कि रविवार को सुबह लगभग 10 बजे वह चालक अनिल के साथ बरेली से बस लेकर बीसलपुर आ रहा था। ईदगाह चौराहे पर उतरने के बाद वह अपने घर चला गया। चालक अनिल कुमार बस को रोडवेज बस स्टैंड में खड़ा करने चला गया।
रास्ते में पीलीभीत बस स्टैंड पर एक युवक के इशारा करने पर चालक ने बस रोक दी। युवक चालक के पास बैठ गया। इस बीच युवक ने चालक को नशीला बिस्कुट खिला दिया। बिस्कुट खाते ही चालक बेहोश होने लगा। खतरा भांपकर उसने रामलीला रोड पर बस को एक किनारे खड़ा कर दिया।
इसी दौरान युवक चालक का पर्स उड़ाकर भाग गया। अनिल ने पत्नी शीला और परिचालक को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। बाद में बेहोश हो गया। सूचना मिलते ही पत्नी और परिचालक मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने बेहोश चालक को लाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इस मामले में फिलहाल अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।