Pilibhit News: रात में 25 सवारियां लेकर ही लंबे रूटों पर दौड़ेंगी बसें

रोडवेज बस स्टैंड । फाइल फोटो
पीलीभीत। कोहरे को देखते हुए परिवहन निगम ने बड़ा फैसला लिया है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि अब रात में कम से कम 25 सवारियां होने पर ही बस चलेंगी। ऐसे में रात में यात्रा करने वाले लोगों को थोड़ी दिक्कत हो सकती है।
स्थानीय डिपो से 102 दो बसों का संचालन हो रहा है। इसमें दिल्ली, कानपुर, हरिद्वार, हल्द्वानी लखनऊ आदि जगहों के लिए बसों का संचालन किया जा रहा है, मगर अब इन लंबे मार्गों पर जाने वाली बसों के लिए यात्रियों को कुछ परेशानियां झेलनी पड़ेगी। कोहरे के कारण बसों के संचालन प्रभावित हो रहा है। अब रात में लंबे रूट पर जाने वाली बसों में कम से कम 25 यात्री होने की अनिवार्यता लागू कर दी गई है। चालकों से कहा गया कि अधिक कोहरा होने पर पास के बस अड्डे पर बसों को रोक दें। रास्ता साफ दिखाई न दें, तब तक बस न चलाएं।
उत्तराखंड से आने वाली बसाें में बैठाए जाएंगे यात्री
एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि 25 से कम यात्री होने की दशा में इन यात्रियों को अन्य डिपो या फिर पीछे से आने वाली बस में बैठाकर गंतव्य तक छोड़ा जाएगा। उत्तराखंड की बसों का टाइम टेबल तैयार कराया जा रहा है। इससे कि रात में वहां की बसों के आने की जानकारी रहे।
लंबे रूटों की अंतिम बसों का समय
दिल्ली रूट पर कुल 20 गाड़ियां संचालित की जा रही हैं। अंतिम बस रात 10 बजे है। बरेली के लिए भी आखिरी बस रात में 10 बजे हैं। लखनऊ के लिए शाम को एक बस का संचालन किया जा रहा है। जो शाम 5:30 बजे हैं। कानपुर के लिए एक बस सुबह 9:30 बजे है। हरिद्वार के लिए दो बसों में एक सुबह 9 बजे व दूसरी शाम 7:30 बजे है। आगरा के लिए एक बस हैं जो शाम 4:30 बजे हैं। इसके अलावा शाम को उक्त मार्गों पर किसी बस का संचालन नहीं हो रहा है। अन्य डिपो की बसों पर ही यात्री सफर कर अपने गतंव्य को पहुंच सकेंगे।

