Pilibhit News: प्रत्याशी प्रवासी मतदाताओं को कर रहे फोन, आकर वोट डाल जाना भइया
रोजगार के सिलसिले में 10 हजार से अधिक लोग हैं घर से बाहर
सत्यवान अवस्थी
बीसलपुर। तहसील क्षेत्र के 10 हजार से अधिक मतदाता गैर जिलों और राज्यों में रोजगार के सिलसिले में हैं। स्थानीय निकाय चुनाव की तिथि धीरे-धीरे नजदीक आ रही है। 11 मई को मतदान है। प्रवासी मतदाता मत डालने आएंगे या नहीं, इसको लेकर संंशय है। यही कारण है कि प्रत्याशी, उनके परिजन, कार्यकर्ता और समर्थक प्रवासी मतदाताओं को फोन कर चुनाव के दौरान आने का आमंत्रण दे रहे हैं । प्रवासी मतदाताओं से कहा जा रहा है कि आ जाना भैया, मिल लेना और वोट डाल जाना।
तहसील क्षेत्र की नगरपालिका बीसलपुर, नगर पंचायत बिलसंडा और नगर पंचायत बरखेड़ा के हजारों मतदाता रोजगार के सिलसिले में गैर जिलों और गैर राज्यों मे रह रहे हैं। इनमें से कुछ सरकारी, कुछ प्राइवेट नौकरी कर रहे हैं तो कुछ व्यवसाय। बीसलपुर के मोहल्ला सराय के 300 से अधिक लोग तो राजस्थान के विभिन्न जिलों में पालेज की खेती कर रहे हैं।
बाहर रहने वाले यह मतदाता होली, दीपावली, ईद या घरों पर होने वाले समारोहों में ही आते हैं। ऐसे में यह साल में बमुश्किल दो या तीन बार ही आते हैं। अब जबकि चुनाव नजदीक है तो इन लोगों को मतदान के लिए घर आने का आमंत्रण दिया जा रहा है। संवाद
प्रवासी मतदाता छुट्टी लेकर आएं और डालें वोट
उपजिलाधिकारी आशुतोष गुप्ता का कहना है कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए लगातार प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। प्रवासी मतदाताओं को चाहिए कि वे लोकतंत्र मजबूत करने के लिए छुट्टी लेकर आएं और मतदान करें। सभी मतदाताओं को लोकतंत्र के इस उत्सव में स्वयं आकर बढ़चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए।