Pilibhit News: श्मशान की जमीन पर कब्जा कर गेहूं बोया

संपूर्ण समाधान थाना दिवस में शमशान घाट पर कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे लोग ।
सही निकले आरोप, एसडीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। संपूर्ण समाधान थाना दिवस में पहुंचे शेरपुरकलां के कई लोगों ने श्मशान की जमीन पर कब्जा कर गेहूं की फसल बोने का कुछ लोगों पर आरोप लगाया। जांच में आरोप सही निकले।
गांव निवासी ओमप्रकाश, धर्मेंद्र कुमार, वेद प्रकाश, सुभाष, ईश्वर दयाल ने संपूर्ण थाना दिवस मेंं की गई शिकायत में कहा कि श्मशान घाट की जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर गेहूं की बुआई कर दी है। एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने शिकायत को गंभीरता से लेकर हल्का लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को तलब किया।
राजस्व निरीक्षक मदन लाल ने बताया कि गांव के एक तालाब की जमीन पर श्मशानघाट बना हुआ है। श्मशान तक पहुंचने के लिए एक खेत से निकलना पड़ता है। तालाब की डेढ़ बीघा जमीन पर एक पूर्व प्रधान ने कब्जा कर गेहूं की फसल बो रखी है। जिसको चिह्नित किया गया है।
००००००
तालाब की जमीन पर श्मशान घाट नहीं हो सकता। जमीन को चिह्नित कराकर उसकी बाउंड्री कराई जाएगी। तालाब की जमीन पर कब्जे पर कार्रवाई के साथ तालाब को खोदवाया जाएगा।
– राजेश कुमार शुक्ला, एसडीएम