Pilibhit News: मंडी में धान खरीद केंद्रों पर लगवाए जाएं सीसीटीवी कैमरे

मंडी समिति में आयोजित भारतीय खाघान्न उघोग वयापार मजदूर संगठन की पंचायत में बोलते जिला अध्यक्ष ।
समस्याओं का निस्तारण न होने पर मजदूर संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। भारतीय खाद्यान्न उद्योग व्यापार मजदूर संगठन ने धान खरीद केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, ढेरी लगवाकर धान की नीलामी कराने सहित कई मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया। जिसमें खरीद शुरू होने से पहले समस्या का समाधान कराने की मांग की गई। साथ ही समस्या का समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई ।
पीलीभीत मंडी समिति में भारतीय खाद्यान्न उद्योग व्यापार मजदूर संगठन की जिलाध्यक्ष भजनलाल क्रोधी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में कई समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। बाद में डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह को दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया है मंडी समिति में किसानों द्वारा लाए गए धान की बिक्री ढेरियां लगवाकर पूर्व की भांति कराई जाए, क्योंकि संज्ञान में आया है कि कुछ राइस मिलर्स एवं आढ़ती मंडी में ट्रैक्टर ट्राॅलियों से आए धान की सीधी बोली लगाकर वाहनों को राइस मिल भेजने की योजना बना रहे हैं। ऐसे में किसानों के नाम पर बिना मंडी शुल्क अदा किए धान मिलों तक भेजा जाएगा। इससे राजस्व को नुकसान होगा।
ज्ञापन में सरकारी धान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग भी की गई है, जिससे सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों के धान की खरीद पारदर्शी ढंग से हो सके। साथ ही बिचौलियाें पर रोक भी लग सके।
इसके अलावा मंडी समिति में खराब पड़े हैंडपंपों को रिबोर कराने तथा फ्रीजर को ठीक कराने की मांग भी की गई है। ज्ञापन में मांगों का निस्तारण न होने पर मंडी समिति में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई है। ज्ञापन देने वालों में जिला महामंत्री वेद प्रकाश शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष विनोद भारती, टीटू सिंह, रामपाल, हरिद्वार लाल सहित काफी लोग मौजूद रहे।