Pilibhit News: पर्यवेक्षक के मौजूद न होने पर समिति अध्यक्ष ने किया गन्ना मेले हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Thu, 28 Sep 2023 12:17 AM IST

बीसलपुर गन्ना समिति परिसर में चल रहे मेले में सटृा देखते किसान । संवाद
बीसलपुर। सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में बुधवार को गन्ना सट्टा मेले में अंतिम दिन बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। जसोली दिवाली क्षेत्र के गन्ना पर्यवेक्षक के मेले में मौजूद न होने पर पकड़िया मंगली साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष ने हंगामा किया। कहा, पर्यवेक्षक के न रहने से किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पाया।
सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में 18 सितंबर से 10 दिवसीय गन्ना सट्टा प्रदर्शन मेला चल रहा था। बुधवार को अंंतिम दिन होने के कारण मेले में बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। मेले में जसोली दिवाली क्षेत्र के गन्ना पर्यवेक्षक के मौजूद न होने पर पकड़िया मंगली साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष निर्मेश भारती ने हंगामा किया।
उनका आरोप है कि उनके गांव के किसान पांच दिनों से मेले में गन्ने के सट्टे से संबंधित शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन क्षेत्रीय गन्ना पर्यवेक्षक के न आने के कारण उनकी शिकायतें निस्तारित होना तो दूर दर्ज तक नहीं हो पाईं। निर्मेश भारती का कहना था कि क्षेत्रीय गन्ना पर्यवेक्षक ने अपने स्थान पर अवैध रूप से एक प्राइवेट कर्मचारी लगा रखा है। इस संबंध में समिति सचिव आरपी कुशवाहा और गन्ना विकास परिषद के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक धर्मेंद्र प्रसाद दुबे से भी फोन पर शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।