Pilibhit News: करंट लगने से संविदा विद्युत कर्मी की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

पन्नालाल का फाइल फोटो । स्रोत – परिजन
बीसलपुर। विद्युत उपकेंद्र परिसर में ट्रांसफार्मर में करंट आने से संविदा कर्मचारी की उसकी चपेट में आकर मौत हो गई। मृतक के घर वालों ने इस घटना के लिए पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर काफी देर तक हंगामा किया। इस दौरान निगम का कोई भी अफसर नहीं पहुंचा।
मोहल्ला पटेल नगर निवासी नत्थू लाल ने बताया कि उनका पुत्र पन्नालाल (30) विद्युत उपकेंद्र में संविदा कर्मचारी था। पन्नालाल सोमवार रात 10:45 बजे विद्युत केंद्र से ड्यूटी करने के बाद पैदल ही घर को रवाना हुआ। इसी दौरान उप केंद्र के मुख्य द्वार पर स्थित ट्रांसफार्मर से छू जाने पर उसे करंट लग गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया।
उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आ गए। घर वालों ने यह कहकर हंगामा शुरू कर दिया कि पावर कॉरपोरेशन अधिकारियों ने घर वालों को बुलाए बगैर झुलसे पन्नालाल को विद्युत उपकेंद्र से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्यों भिजवा दिया।
घर वालों का कहना था कि अधिकारियों को पहले घर वालों को मौके पर बुलाना चाहिए था, इसके बाद पन्नालाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाना चाहिए था। साथ ही जिस समय वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे वहां कोई पावर कारपोरेशन का अधिकारी भी नहीं था। बस कुछ कर्मचारी मौजूद थे।
परिजनों ने मांग की कि अधिकारी तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आएं, लेकिन कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पन्नालाल की मौत की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत के बारे में कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
– जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता
हाई वोल्टेज से घर में लगी आग, जलकर गाय मरी
पूरनपुर। गांव पिपरिया करम में हाई वोल्टेज से सुखवीर कौर के घर में आग लग गई। यहां आग में घिरने से गाय जलकर मर गई। घर में रखे 22 हजार रुपये और हजारों का सामान जल गया। गांव का ही प्रताप सिंह करंट लगने से झुलस गया तो सुखदेव सिंह, सालिगराम, मुकेश, मुन्नालाल, बाबूराम, विजेंद्र के घरों में बिजली चलित उपकरण फुंक गए। ग्रामीणाें में पावर कॉरपोरेशन के प्रति गुस्सा है। पीडि़तों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय में पत्र देकर मामले की जांच कराने की मांग की है। अधिशासी अभियंता प्रशांत गुप्ता का कहना है कि हाई वोल्टेज से घरों में बिजली चलित उपकरण फुंकने, एक घर में आग लगने की जानकारी हुई है। जेई को मौके पर जांच को भेजा गया है। संवाद

पन्नालाल का फाइल फोटो । स्रोत – परिजन

पन्नालाल का फाइल फोटो । स्रोत – परिजन