Pilibhit News: नंदी के दूध पीने की अफवाह पर शिवालयों में उमड़ी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 14 Jul 2023 12:11 AM IST

पूरनपुर में नंदी को दूध पिलाते लोग ।
पूरनपुर। मोहल्ला बमनपुरी स्थित शिव मंदिर में नंदी की मूर्ति के दूध पीने की बृहस्पतिवार शाम ऐसी अफवाह फैली कि कुछ ही देर में शिवालयों में भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों में पहले दूध पिलाने की होड़ मची तो धक्का-मुक्की होने लगी। शिवालयों के सेवादारों ने जैसे-जैसे भीड़ को नियंत्रित किया। कुछ लोगों ने अपने घरों में भी देव प्रतिमाओं को दूध पिलाने का दावा किया है। हालांकि कुछ देर बाद मंदिर में खुद ही भीड़ कम हो गई।
देवी-देवताओं के दूध पीने का शोर करीब हर साल मचता है और मंदिरों में दूध पिलाने वालों की भीड़ लगती है। बृहस्पतिवार को मोहल्ला बमनपुरी के शिव मंदिर में नंदी के दूध पीने की अफवाह फैल गई। कुछ ही देर में दूध पिलाने वालों की भीड़ लग गई। दूध लेकर मंंदिर में पहुंचे लोगों ने चम्मच से नंदी को दूध पिलाना शुरू किया। कुछ देर तक दूध पिलाने वालों की भीड़ रही। हालांकि बाद में भीड़ कम होती गई। कुछ लोगों ने नंदी को दूध पिला रहे लोगों की फोटो और वीडियो बनाकर वायरल की।



