Pilibhit News: तहसील के सामने रोजाना लग रहा जाम

बीसलपुर तहसील कार्यालय के द्वार पर लगा जाम । संवाद
बीसलपुर। तहसील के सामने से गुजर रही मुख्य सड़क के दोनोंं ओर फुटपाथ पर कुछ दुकानदारों ने दुकानें लगा रखी हैं। कुछ ने ठेले लगा रखे हैं। तहसील कार्यालय में काम से आने वाले कुछ लोग तहसील के सामने अपनी बाइकें खड़ी कर देते हैं। इससे वहां रोजाना जाम लगा रहता है।
तहसील के सामने मुख्य सड़क का काफी हिस्सा अस्थायी अतिक्रमण की चपेट में है। निकलने के लिए सड़क का आधा हिस्सा ही शेष रह जाता है। मुख्य सड़क होने के कारण यहां से काफी वाहनों का पूरे दिन आना जाना बना रहता है। ऐसी विपरीत परिस्थितियों में तहसील कार्यालय के सामने रोजाना कई कई बार जाम लगता है। जाम में फंसे लोगों को काफी दिक्कत होती है।
तहसील कार्यालय में एसडीएम, तहसीलदार और तीन-तीन नायब तहसीलदार बैठते हैं। इन अधिकारियों के वाहन तो आसानी से गुजर जाते हैं। शायद इसी वजह से ये अधिकारी इस समस्या का समाधान कराने में रुचि नहीं ले रहे हैं। जाम में फंसने वाली आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। बृहस्पतिवार को भी लगभग दो बजे तहसील कार्यालय के सामने काफी देर तक जाम लगा रहा।

