पीलीभीत

Pilibhit News: 173 कॉलेजों का डाटा लॉक, इन्हीं में तय होंगे परीक्षा केंद्र

Connect News 24

पीलीभीत। यूपी बोर्ड परीक्षा-2024 से संबंधित विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनपद के कॉलेजों का सत्यापन कार्य पूरा हो चुका और उसका डाटा शासन को भेजा गया है। शासनस्तर से कॉलेजों का डाटा वेबसाइट पर भी लॉक कर दिया गया है। अब इन्हीं कॉलेजों में परीक्षा केंद्र तय होंगे। उम्मीद है कि इस वर्ष करीब 15 परीक्षा केंद्र बढ़ेंगे। पिछले साल जिले में 85 परीक्षा केंद्र थे, जो इस बार 100 के आसपास होने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में परीक्षार्थियों का पंजीकरण कार्य पूरा हो चुका है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2023 में हाईस्कूल में 24,949 और इंटरमीडिएट में 21,126 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण था। वहीं इस वर्ष 2024 में हाईस्कूल में 24,970 और इंटरमीडिएट के 19,810 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण हुआ।

छात्र-छात्राओं का पंजीकरण पूरा होने के बाद एसडीएम स्तर से परीक्षा केंद्रों का सत्यापन कराया गया जो पूरा हो चुका है। एसडीएम ने जनपद के 173 कॉलेजों का सत्यापन कर रिपोर्ट शासन को भेजा है। अब इन्हीं कॉलेजों में 100 के आसपास परीक्षा केंद्र चुने जाने की तैयारी है, जिसकी लिस्ट शासनस्तर से तय होगी।

छात्राओं को पांच किलोमीटर के दायरे में सेंटर देने की तैयारी

बोर्ड परीक्षा में इस बार छात्राओं को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परीक्षा के लिए छात्राओं को लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसको ध्यान में रखते हुए पांच किलोमीटर के दायरे में सेंटर देने की तैयारी चल रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आदेश नहीं आया है।

एसडीएम स्तर से जनपद के 173 कॉलेजों का सत्यापन कर डाटा शासन को भेजा जा चुका है। डाटा शासनस्तर पर लॉक कर दिया गया है। अब वहीं से परीक्षा केंद्र तय होंगे। पिछले साल की अपेक्षा इस बार परीक्षा केंद्र बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन अब तक कोई गाइड लाइन नहीं आई है। – गिरजेश कुमार चौधरी, डीआईओएस


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button