Pilibhit News: पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव
सुबह घर से निकला था ग्रामीण, नहर मार्ग पर मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरिया। डूनीडाम नहर मार्ग पर अधेड़ का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस प्रथम दृष्टया मामजा आत्महत्या का मान रही है।
क्षेत्र के गांव मुगलाखेड़ा निवासी वीरपाल 45 वर्ष पुत्र रामभरोसे लाल बुधवार सुबह नौ बजे से घर से निकाला था। दोपहर तक वीरपाल घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों ने आसपास काफी तलाश की। मोबाइल फोन पर संपर्क किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। शाम लगभग छह बजे अमरिया डूनीडाम नहर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े पेड़ से अधेड़ का शव लटका हुआ राहगीरों ने देखा।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। घटना की सूचना परिवार के लोगों को दी गई। वीरपाल की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक छह बच्चों का पिता था। दो बच्चों की शादी हो चुकी है। पति की अचानक मौत से पत्नी रीता देवी बदहवास हो गई। प्रभारी निरीक्षक मुकेश शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि घटना की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।