Pilibhit News: झांसी के होटल में लटकता मिला पूरनपुर से लापता छात्रा का शव
पूरनपुर। लापता इंटरमीडिएट की छात्रा का शव एक नवंबर को झांसी के एक होटल के कमरे में लटकता मिला। छात्रा एक नवंबर को ही होटल में अकेली पहुंची थी और परीक्षा देने आने की जानकारी देकर कमरा बुक कराया था। सूचना पर पुलिस के साथ छात्रा के परिजन झांसी रवाना हो गए हैं।
गांव सिरसा निवासी कालीचरन की पुत्री सोनी (17) देवीनगर के एक इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। सोनी ३१ अक्तूबर को सुबह सात बजे कॉलेेज जाने के लिए घर से निकली थी, मगर कॉलेज नहीं पहुंची। शाम तक सोनी के घर न लौटने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। मगर उसका कोई सुराग नहीं लगा। एक नवंबर की शाम को सोनी के झांसी के होटल में फंदे से लटका शव मिला।
झांसी पुलिस ने पूरनपुर पुलिस व पिता कालीचरन को फोन कर सूचना दी। दो नवंबर को परिजन पूरनपुर पुलिस के साथ झांसी के लिए रवाना हो गए। झांसी पुलिस की छानबीन में पता चला कि सोनी एक नवंबर को अकेले झांसी के इनालॉज होटल में पहुंची थी। उसने झांसी में परीक्षा को आने की जानकारी देकर एक नवंबर दोपहर को कमरा लिया था। होटल के रजिस्टर में अपने पिता का मोबाइल नंबर अंकित कराया था। सोनी के एक नवंबर को शाम तक कमरे से न निकलने पर होटल संचालक ने वहां की पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। कालीचरन ने पुत्री को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड के सिडकुल निवासी विशाल के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने दो नवंबर को कालीचरन की ओर से विशाल के खिलाफ बहलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।