Pilibhit News: कृष्ण जन्म का प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

गांव भगौतीपुर में आयोजित भागवत कथा में कथा सुनाते कथावाचक रामशनेही । स्रोत – आयोजक
बिलसंडा। गांव भगौतीपुर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को शुक्रताल से आए कथावाचक रामस्नेही शास्त्री ने भगवान कृष्ण के जन्म प्रसंग का सुंदर वर्णन किया। कथावाचक ने कहा कि जब-जब भी धरती पर आसुरी शक्ति हावी हुई परमात्मा ने धर्म की रक्षा के लिए अवतार लेकर पृथ्वी पर धर्म की स्थापना की।
उन्होंने कहा कि मथुरा में राजा कंस के अत्याचारों से व्यथित होकर धरती की करुण पुकार सुनकर नारायण ने कृष्ण रूप में देवकी के अष्टम पुत्र के रूप में जन्म लिया और धर्म और प्रजा की रक्षा कर कंस का अंत किया।
कथावाचक ने बताया कि ईश्वर के 24 अवतारों में से प्रमुख भगवान श्री राम के जीवन चरित्र से मर्यादा और श्री कृष्ण चरित्र से ज्ञान योग व भक्ति की प्रेरणा लेकर जीवन को धन्य करना चाहिए। जीवन में भागवत कथा सुनने का सौभाग्य मिलना बड़ा दुर्लभ है। जब भी हमें यह शुभ अवसर मिले इसका सदुपयोग करना चाहिए।

